पेट कम करने के लिए योग: 7 आसन और एक ज़रूरी सच

पेट कम करना सबसे आम लक्ष्य है, और इस पर सबसे ज़्यादा ग़लत जानकारी भी है। इसलिए पहले एक ज़रूरी सच।
लतिका के साथ धनुरासन
YouTube पर देखेंसिर्फ़ पेट से चर्बी कम नहीं होती
शरीर एक जगह से चुनकर चर्बी कम नहीं करता। पेट के आसन पेट की मांसपेशियों को मज़बूत करते हैं, पर चर्बी तब कम होती है जब पूरे शरीर की चर्बी कम होती है। इसके लिए चाहिए: रोज़ की हलचल, सही खाना और अच्छी नींद। योग इन तीनों में मदद करता है, इसलिए पेट कम करने के लिए यह अच्छा रास्ता है।
पेट के लिए 7 आसन
- सूर्य नमस्कारपूरा शरीर चलता है और कैलोरी ख़र्च होती है। 5 से 12 राउंड, अपनी क्षमता के हिसाब से। चरण यहाँ देखें।
- फलकासन (प्लैंक)पेट, कंधे और कमर एक साथ मज़बूत होते हैं। 15 से 30 सेकंड से शुरू करें, कमर नीचे न लटके।
- नौकासनपेट की मांसपेशियों के लिए। शुरू में घुटने मोड़कर करें। कमर दर्द हो तो न करें।
- पवनमुक्तासनपीठ के बल लेटकर घुटने छाती की ओर। पेट को हल्का दबाता है और गैस और पेट फूलने में आराम देता है।
- भुजंगासनपेट का खिंचाव और कमर की ताक़त। कमर से उठें, हाथों पर ज़ोर न डालें।
- धनुरासनपेट और कमर दोनों के लिए। पहले भुजंगासन आराम से होने लगे, तब करें।
- उत्कटासन (चेयर पोज़)पैरों की बड़ी मांसपेशियाँ काम करती हैं, जिससे ज़्यादा ऊर्जा ख़र्च होती है, और कोर भी कसा रहता है।
कमर दर्द, हर्निया, हाल की सर्जरी, डिलीवरी के बाद के शुरुआती महीनों या प्रेग्नेंसी में पेट के आसन डॉक्टर की सलाह से ही करें।
रोज़ का 25 मिनट का रूटीन
- 5 मिनटवार्म-अप और जोड़ों को खोलना।
- 8 मिनटसूर्य नमस्कार।
- 8 मिनटप्लैंक, नौकासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, उत्कटासन।
- 4 मिनटअनुलोम विलोम और शवासन।
पेट के लिए खाने की बातें
- मीठे पेय, मिठाई और मैदे वाली चीज़ें कम करें।
- हर भोजन में प्रोटीन और सब्ज़ी रखें, ताकि पेट देर तक भरा रहे।
- रात का खाना हल्का और जल्दी।
- तनाव और कम नींद भी पेट की चर्बी बढ़ाते हैं, इसलिए प्राणायाम और नींद पर भी ध्यान दें।
प्रोग्रेस देखने के लिए हर हफ़्ते इंच टेप से कमर नापें। वज़न की मशीन से ज़्यादा सही तस्वीर यही देता है। वज़न घटाने का पूरा प्लान घर बैठे वज़न घटाने के लिए योग में पढ़ें।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
क्या योग से पेट कम हो सकता है?
हाँ, जब योग रोज़ किया जाए और खाने पर ध्यान दिया जाए। योग पूरे शरीर की चर्बी कम करने में मदद करता है, जिसमें पेट भी शामिल है, और पेट की मांसपेशियों को मज़बूत करता है।
पेट कम होने में कितना समय लगता है?
हर शरीर अलग है। अक्सर कुछ हफ़्तों में कमर के नाप में बदलाव दिखने लगता है, अगर रोज़ योग और सही खाना साथ हो।
क्या सुबह ख़ाली पेट पेट के आसन करने चाहिए?
हाँ, सुबह ख़ाली पेट सबसे अच्छा है। शाम को करें तो खाने के 2 से 3 घंटे बाद।
यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है, मेडिकल सलाह नहीं। कोई बीमारी, चोट या प्रेगनेंसी हो तो योग शुरू करने से पहले डॉक्टर से बात करें।


